उत्तराखंड -: दिवाली पर ड्यूटी करने वाले इन कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

देहरादून| दीपावली के दौरान 11 दिन तक ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी, साथ ही इस अवधि में हर डिपो के सबसे कम आय वाले 5 ड्राइवर कंडक्टरों के खिलाफ कार्यवाही भी की जाएगी| उत्तराखंड परिवहन निगम में ड्राइवर,कंडक्टर व कर्मचारियों के लिए दीपावली प्रोत्साहन राशि जारी कर दी है| इसके तहत 20 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक केवल एक अवकाश लेकर 11 दिन तक काम करना होगा| मैदानी मार्गों पर रोजाना 250 और कम से कम 2750 किलोमीटर बस संचालन, मैदानी पर्वतीय यानी मिश्रित मार्गों पर रोजाना 200 और कम से कम 2200 किलोमीटर, पर्वती मार्गों पर रोजाना 180 और न्यूनतम 1980 किलोमीटर बस संचालन पर एक-एक हजार की प्रोत्साहन राशि ड्राइवर व कंडक्टर को दी जाएगी| साथ ही इस अवधि में कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को ड्यूटी करने पर 600 रुपए मिलेंगे| आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 500 रुपए, डिपो के संचालन से सीधे तौर पर जुड़े डीजल, बैग, चेकिंग, कैशियर व समयपाल लिपिकों को 500 रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी|

Advertisements


बताते चलें कि त्योहारों की मुख्य तिथिओं 22 अक्टूबर, 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 30 अक्टूबर को मैदानी मार्गों पर 1850, मिश्रित मार्गों पर 1400 और पर्वतीय मार्गों पर 1000 किलोमीटर बस संचालन पर ड्राइवर, कंडक्टरों को 1-1 हजार रुपये अतिरिक्त राशि मिलेगी| इस दौरान सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन डिपों के सहायक महाप्रबंधकों व उप अधिकारियों को अलग से प्रोत्साहित किया जाएगा|
परिवहन निगम के जीएम संचालक दीपक जैन ने अपने आदेश में यह स्पष्ट कर दिया है कि इस दौरान में हर डिपो की आय की समीक्षा की जाएगी| हर डिपो के सबसे कम आय देने वाले पांच ड्राइवर व कंडक्टररों के खिलाफ कार्रवाई होगी| यह योजना नियमित ड्राइवर, कंडक्टर, कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों के साथ ही संविदा, एजेंसी के ड्राइवर-कंडक्टररों के लिए भी होगी|