
देहरादून| अब पेपर लीक मामले में कुमाऊं के दो कारोबारियों का नाम भी सामने आ रहा है| मिली जानकारी के मुताबिक इनका काम भी उत्तरकाशी के हाकम सिंह रावत जैसे ही है| इन्होंने भी दर्जनों अभ्यर्थियों से लाखों रुपए लेकर पेपर मुहैया कराए थे| एसटीएफ इनके बारे में जानकारी जुटा चुकी है| जल्द ही इन पर भी शिकंजा कसने की तैयारी हो रही है|
बताते चलें कि पेपर लीक मामले में पहले गढ़वाल और हरिद्वार क्षेत्र में नकल कराई जाने का शक था| लेकिन धीरे-धीरे कई जगहों के नाम जुड़ गए| बिजनौर के धामपुर का भी नाम इसमें जुड़ा है| यहां हाकम सिंह ने नकल सेंटर बनाया था| अब धीरे-धीरे इस मामले में जांच कुमाऊं क्षेत्र में भी होने लगी है| यहां के दो कारोबारियों के संबंध में जानकारियां मिल रही है| जिसमें एक खनन से जुड़ा है और दूसरा कृषि उत्पाद की प्रोसेसिंग यूनिट चलाता है| एसटीएफ ने इनमें से एक कारोबारी से पूछताछ भी कर ली है| जल्द ही कुमाऊं से कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं| कहा जा रहा है कि इन्होंने भी 20 से ज्यादा युवाओं को नकल कराई थी| इनके तहत 15 से 20 लाख रुपए एक-एक से लिए गए थे| कुछ और लोग भी इनके संपर्क में हो सकते हैं| इनका हाकम से संबंध है या नहीं, इस बारे में अभी एसटीएम जानकारी जुटा रही है| फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता|
