सुविधा -: 2 घंटे में पूरा होगा देहरादून से चंडीगढ़ सफर, पढ़ें पूरी खबर

देहरादून| दिल्ली से देहरादून के बाद प्रदेश सरकार दून से चंडीगढ़ के बीच सफर के फासले को घटाकर 2 घंटे करना चाहती है| इसके लिए मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू ने एनएचएआई के अधिकारियों को दून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे के लिए एलाइनमेंट का कार्य करने के निर्देश दिए हैं| एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का कार्य 3 पैकेज में 2024 तक पूरा होगा| पैकेज एक व दो अक्टूबर 2023 तक एवं पैकेज 3 अप्रैल 2024 तक पूर्ण होगा|
वर्तमान में देहरादून से वाया पांवटा साहिब चंडीगढ़ की सड़क मार्ग से दूरी करीब 169 किमी है| दून से चंडीगढ़ पहुंचने में करीब 3:00 से 3:30 घंटे का समय लगता है| आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक नए एलाइनमेंट के अनुरूप मार्ग बनाए जाने से दून से चंडीगढ़ की दूरी न सिर्फ कम होगी बल्कि यह सफर 2 घंटे में पूरा हो जाएगा| राज्य सचिवालय में बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने एनएचएआई के सचिव से इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए कहा है|