हल्द्वानी : नैनीताल जिले में बुधवार को रिमझिम वर्षा हुई। हल्द्वानी में पूर्वाह्न 11 बजे तक वर्षा थम गई। दिनभर बादलों की स्थिति रही। तापमान में 3.1 डिग्री की कमी आई है।
हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। जिले में सर्वाधिक 70 मिमी वर्षा नैनीताल में रिकार्ड की गई। भीमताल में 63.5 मिमी वर्षा हुई। हल्द्वानी में 27.5 मिमी, मुक्तेश्वर में 2.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
हालांकि राहत रही कि बुधवार शाम तक भारी वर्षा नहीं हुई। मौसम विभाग ने 21 से 23 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल व पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने सतर्कता के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बरसात में नाला चूक होने से लोगों के लिए मुसीबत खड़ी होती है। बुधवार को नगर निगम ने चार बुलडोजर की मदद से शनिबाजार नाला, प्रेमपुर लोश्ज्ञानी व वर्कशाप लाइन नाले से कूड़ा साफ करवाया।
नहर व नालों से निकले कूड़े को चार छोटे वाहनों की मदद से ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचाया गया। सफाई निरीक्षक चतर सिंह, अमोल असवाल निरीक्षण में जुटे रहे।
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने की संभावना जताई है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं पर भारी वर्षा हो सकती है।
चम्पावत, अल्मोड़ा व ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं कहीं पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।