सख्ती -: अब संसद परिसर में नहीं कर सकेंगे धरना और प्रदर्शन

नई दिल्ली| संसद भवन परिसर का इस्तेमाल धरना, प्रदर्शन, अनशन या धार्मिक समारोह के लिए नहीं किया जा सकता| राज्यसभा सचिवालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक बुलेटिन में यह बात कही गई है| वहीं, विपक्ष दल ने इस फैसले की आलोचना की है| मानसून सत्र से पहले राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है, सदस्य संसद भवन परिसर का इस्तेमाल धरना, प्रदर्शन, हड़ताल, अनशन या धार्मिक समारोह के लिए नहीं कर सकेंगे| इसके बाद कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया कि ‘विषगुरु का ताजा प्रहार……धरना मना है|’ उन्होंने इसके साथ बुलेटिन भी साझा किया|
माकपा नेता सीताराम येचुरी ने इस मुद्दे पर ट्वीट कर सरकार की आलोचना की और कहा कि यह लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास है| उन्होंने लिखा कि इस तरह की तानाशाही आदेश निकाल कर लोकतंत्र का मखौल उड़ाया जा रहा है|