Uttarakhand -: भाजपा नेता ने नूपुर शर्मा के पक्ष में लिखी पोस्ट, मिली जान से मारने की धमकी…..

रुड़की| भाजपा कि पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने पर भाजपा नेता के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी भरे कॉल आ रहे हैं| भाजपा नेता ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ पुलिस स्टेशन जाकर मामले की जानकारी दी| साथ ही तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है| मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है| रुड़की स्थित आईआरआई कॉलोनी निवासी गौरव त्यागी भाजपा पश्चिमी मंडल उपाध्यक्ष है| बुधवार को गौरव त्यागी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंचे| गौरव त्यागी ने कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल से मुलाकात कर कहा कि कुछ समय पूर्व उन्होंने भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पक्ष में फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी थी| उन्होंने आगे कहा कि पोस्ट करने के बाद से उनके मोबाइल पर धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं| कॉल और मैसेज करने वाला जान से मारने और गला काटने की धमकी दे रहे हैं| खुद को पाकिस्तान, सऊदी अरब, जिंबाब्वे, राजस्थान, महाराष्ट्र आदि राज्यों का बता रहे हैं| उन्होंने बताया कि नूपुर शर्मा के पक्ष में पोस्ट करने पर राजस्थान में एक युवक की हत्या कर दी गई ऐसे में उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है|