
देश में कोरोना का संक्रमण अगले 4 सप्ताह और बढ़ता दिखाई दे सकता है| साथ ही आगामी जनवरी के पहले सप्ताह में कोरोना के दैनिक मरीजों की संख्या भी दो गुनी से अधिक सामने आ सकती है|
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने यह आशंका इन्साकॉग की रिपोर्ट के आधार पर जताई है| जिसमें यह बताया गया है कि कोरोनावायरस का नया स्वरूप जेल.1 अब तक सात राज्यों में मिला है|
बता दें, बीते नवंबर माह में केरल, कर्नाटक और गोवा में पहले चार मरीज सामने आए लेकिन, अब गोवा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना के अलावा राजस्थान में भी मामले मिले है|
बीते दिवस राजस्थान के 5 मरीजों में जिनोम सीक्वेंसिंग से जेएल.1 उप स्वरुप की पुष्टि हुई है| मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, देश में जेएल.1 उप स्वरूप के कुल मामले बढ़कर 69 तक पहुंच गए हैं| गोवा में 34, कर्नाटक में 8, केरल में 6, महाराष्ट्र में 9, राजस्थान में पांच, तमिलनाडु में चार और तेलंगाना में दो मरीज है|
विशेषज्ञों के मुताबिक, कोरोना के पिछले पांच सप्ताह और 2020 से 22 तक के ट्रेंड की समीक्षा के बाद यह देखा गया है कि जनवरी माह में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है| पिछले वर्ष ओमिक्रान स्वरूप की वजह से दिसंबर और जनवरी के बीच दैनिक मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई, लेकिन फरवरी माह में यह ग्राफ नीचे गिरने लगा| वर्तमान में जेएल.1 उप स्वरूप फैल रहा है, जिसकी आर वैल्यू यानी संक्रमण प्रसार की दर अधिक है| ऐसे में आशंका है कि क्रिसमस और नए साल की वजह से जनवरी पहले सप्ताह में दिखाई देने वाला उछाल उसके आगामी तीन सप्ताह और रह सकता है|

