
देहरादून| जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताते हुए उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न शोधों का हवाला दिया और कहा कि देशभर में उत्तराखंड में सबसे ज्यादा तापमान बढ़ेगा| जलवायु परिवर्तन की वजह से उत्तराखंड का औसत तापमान 1.17 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है दूसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश है, जहां तापमान 1.16 सेल्सियस बढ़ सकता है| जबकि देश का औसत तापमान 1.7 डिग्री बढ़ सकता है|
दरअसल, राज्य पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन निदेशालय की मदद से हुए एक शोध एटमॉस्फेयर पत्रिका में प्रकाशित ‘इवोल्यूशन ऑफ ऑब्जर्ड एंड फ्यूचर क्लाइमेट चेंज प्रोजेक्ट फॉर उत्तराखंड इंडिया यूजिंग कॉर्डेक्स- एसए’ और ‘सिंथेसिस रिपोर्ट ऑफ द आईपीसीसी सिक्स्थ एसेसमेंट रिपोर्ट’ में इस बात का खुलासा हुआ है| जिसका हवाला मंत्री ने दिया|
बीते दिवस जयपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे| यह चुनौती पूरे विश्व की है| जिस तेज गति से भौगोलिक एवं जलवायु परिवर्तन हो रहा है, वह चिंता का विषय है| राज्य में पर्यटन आधारित गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं| इसके साथ हमें भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण एवं स्वच्छता की दिशा में काम करना चाहिए|
जल स्रोतों के पुनर्जीवीकरण की दिशा में विशेष प्रयास करने होंगे| उन्होंने कहा कि यदि आप अपनी पृथ्वी से प्रेम करते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली में बदलाव) को अपनाकर अपनी भागीदारी निभा सकते हैं|
