क्या दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष बनेंगे राहुल ? इस दिन करेंगे ऐलान

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर कई दिनों से अटकलों का बाजार गर्म है| अभी तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी का चुनाव लड़ने को लेकर संशय बना हुआ है|
इस बीच आज राहुल गांधी ने खुद बताया कि उन्होंने पार्टी से अगले अध्यक्ष बनने को लेकर अपना फैसला कर लिया है और वह जल्द ही इसका ऐलान भी करेंगे|
राहुल ने कहा कि वे चुनाव होने पर ही इसका जवाब देंगे|
इस संबंध में जब भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल से सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा, ‘मैंने अपना फैसला कर लिया है, मैं बहुत स्पष्ट हूं और जब कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होगा तो मैं जवाब दूंगा|’
राहुल ने संवाददाताओं से कहा कि, ‘बहुत जल्द स्पष्ट हो जाएगा कि पार्टी चुनाव होंगे तो मैं अध्यक्ष बनूंगा या नहीं| कृपया उस दिन की प्रतीक्षा करें|’
बताते चलें कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 2019 में पद से इस्तीफा दिया था|
फिलहाल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे गिने जा रहे हैं| हालांकि गहलोत हर बार चुनाव लड़ने को मना करते रहे हैं| उनका कहना है कि कांग्रेस के ज्यादातर नेता राहुल को ही अध्यक्ष बनता देखना चाहते है|
कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने राहुल गांधी से कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने की पैरवी की है| हालांकि राहुल शुरुआत से ही अध्यक्ष बनने के इच्छुक नहीं है| राहुल गैर गांधी परिवार से कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने पर अड़े हैं|