पूर्व पीएम पर क्यों हुआ हमल? हमलावर ने बताई वजह

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को आज सुबह गोली मार दी गई| जिसके बाद हड़कंप मच गया| पूर्व पीएम नारा शहर में एक जनसभा कर रहे थे, तभी वहां मौजूद हमलावर ने उन्हें करीब से गोली मार दी| पुलिस ने संदिग्ध को फौरन गिरफ्तार कर लिया| आरोपी शख्स अभी पुलिस की हिरासत में है|
वहीं हमले के बाद आबे की हालत नाजुक है| आबे पर हमला करने वाले शख्स की पहचान कर ली गई है| राइटर्स ने जापान टाइम्स की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि आरोपी का नाम यामागामी तेत्सुया है, जिसकी उम्र 41 साल है| आरोपी सेल्फ डिफेंस का सदस्य रह चुका है| पुलिस ने कहा कि आरोपी को पूर्व पीएम की हत्या की कोशिश में गिरफ्तार किया गया| आरोपी के पास से गन को जब्त कर लिया गया है| स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलावर ने आबे पर हमले की वजह का खुलासा किया है| हमलावर ने पुलिस को बताया कि वह जापान के पूर्व प्रधानमंत्री से नाखुश था और उन्हें जान से मारना चाहता था| बताते चलें कि जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने हमले को बर्बर बताया है| उन्होंने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा| किशिदा ने कहा कि इस वक्त शिंजो आबे को बचाने के लिए डॉक्टरों की टीम जुटी हुई है| पत्रकार वार्ता के दौरान वह भावुक हो गए| उन्होंने कहा कि शिंजो आबे जल्द ठीक हो जाएंगे| यह हमला बर्बरतापूर्ण है|