
उत्तराखंड राज्य में धीरे-धीरे करके ठंड काफी बढ़ चुकी है। और ऐसे सर्द मौसम के बीच अब लोगों को गर्म पहाड़ी दालें काफी भा रही हैं। हल्द्वानी मंडी में गहत, राजमा, लाल लोबिया की खपत काफी तेजी से हो रही है। हफ्ते भर में करीब 2 से 3 क्विंटल पहाड़ी दालों की बिक्री हो रही है। बता दें कि ठंड के बीच लोग पहाड़ी दालें खाना पसंद करते हैं क्योंकि वह गर्म होती है और सेहत के लिए काफी लाभदायक भी होती है। 2 महीने पहले पहाड़ी दाल की बिक्री का आंकड़ा 1 क्विंटल प्रति सप्ताह था मगर अब खपत बढ़ने लगी है और इसके साथ ही इन दालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने लगी है। 2 महीने पहले की तुलना में दालों की कीमत काफी बढ़ चुकी है और काश्तकारों को भी उनकी मेहनत की सही कीमत मिलने लगी है। पहाड़ी दालों के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों से भारी डिमांड आ रही है। यही नहीं बल्कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ऑनलाइन भी दालों को बेचा जा रहा है तथा काश्तकारों को उनके उत्पाद की सही कीमत मिलने लगी है। बता दें कि इन दिनों गहत 120 से ₹135 किलो बेची जा रही है और वही काले भट्ट 60 से 65, लोबिया 80 से 100 और राजमा 180 से 200 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है।

