
उत्तराखंड के चमोली जिले की भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. हिमानी वैष्णव आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करेंगी|
बता दें हिमानी वैष्णव नमो ऐप के माध्यम से लाभार्थी संग सेल्फी अभियान में देश में टॉप टेन में शामिल हुई है| हिमानी वैष्णव ने बीते माह घर-घर जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सेल्फी खींचकर नमो ऐप और सरल ऐप पर कुल 1604 फोटो अपलोड की|
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे| इस दौरान वे लाभार्थी संग सेल्फी अभियान में चयनित पार्टी पदाधिकारियों से भी संवाद करेंगे| जिसमें उत्तराखंड से डॉ हिमानी वैष्णव का चयन हुआ है, जो प्रधानमंत्री को संगठन से संबंधित सवाल भी पूछेंगी|
वहीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल का कहना है कि डॉ. हिमानी सामान्य महिला कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत है| उन्होंने पूरे मनोयोग से महिला मोर्चे की बागडोर संभाली है| समस्त महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बदौलत ही यह संभव हो पाया है|
