Uttarakhand- सीआईएसएफ की भर्ती परीक्षा में किसी और से पेपर लिखवाकर फिजिकल टेस्ट देने पहुंचा युवक गिरफ्तार

उत्तराखंड राज्य में सीआईएसएफ की भर्ती परीक्षा किसी और से लिखवाकर छात्र फिजिकल टेस्ट देने के लिए पहुंचा था और वहां पर अंगूठा मैच ना होने के कारण पकड़ में आ गया। बता दें कि अभ्यर्थी मेरठ से है जिसने परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़ा करते हुए अपनी जगह किसी और युवक से पेपर दिलवा दिया। फिजिकल टेस्ट के दौरान अंगूठे का निशान मैच ना होने पर अभ्यर्थी का फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया तथा इस मामले में सीआईएसफ के डिप्टी कमांडेंट की तरफ से अभ्यर्थी सहित दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर परीक्षा लिखने वाले आरोपी की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हरिद्वार के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में इन दिनों सिपाही भर्ती प्रक्रिया चल रही है और बीते बुधवार को वार्ड नंबर 11 शिवापुरम मेरठ उत्तर प्रदेश निवासी मनीष कुमार फिजिकल टेस्ट के लिए आया तथा बायोमेट्रिक सत्यापन में अभ्यर्थी के बाएं हाथ के अंगूठे के निशान और फोटो मैच नहीं हो पाए। जांच करने के बाद सामने आया कि अभ्यर्थी ने अपने अंगूठे पर कुछ लगाया था। दस्तावेज में बाएं हाथ के अंगूठे पर किसी और के निशान मिले । सख्ती से जब पूछताछ की गई तो उसने खुद ही सारा सच कुबूल कर लिया। छात्र के अनुसार इसका बंदोबस्त उसके चाचा शिवकुमार ने किया था और फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी है तथा आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।