Uttarakhand- क्या करवा चौथ पर दिखेगा चांद या बादलों से ढका होगा आसमान…… जानिए उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड राज्य में बीते कई दिनों से हो रही बारिश के कारण आसमान पर अभी भी बादल छाए हुए हैं। और वहीं दूसरी तरफ बीते मंगलवार की दोपहर तक कई क्षेत्रों में बारिश भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में आज बुधवार के दिन भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।ऐसे में बारिश और बादलों के बीच लोगों का कहना है कि क्या करवा चौथ का चांद दिखेगा या फिर बादलों में छुप जाएगा।

जानकारी के मुताबिक 13 अक्टूबर 2022 को करवा चौथ की शाम से बारिश से राहत मिल जाएगी। देहरादून में आज बुधवार के दिन बौछारें पड़ने की संभावना है और प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि कुमाऊं मंडल में बीते मंगलवार से भारी बारिश में राहत देखने को मिली है। वहीं पिछले 4 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ है। 50 से अधिक ग्रामीण सड़कें अभी भी बंद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज दिनांक 12 अक्टूबर 2022 की शाम तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा का दौर जारी रह सकता है। हालांकि आने वाले 14 अक्टूबर को उत्तराखंड से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। ऐसे में 13 अक्टूबर को करवा चौथ का चांद देखना आसान होगा क्योंकि 13 अक्टूबर 2022 की शाम को कई इलाकों में मौसम साफ हो जाएगा।