
देहरादून| प्रदेश में सरकार वनाग्नि रोकथाम के लिए ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में पंचायत स्तर पर वनाग्नि प्रबंधन कमेटी का गठन करने जा रही है| जिसमें महिला, युवक, मंगल दल, वन पंचायतों के प्रतिनिधि शामिल होंगे| इन्हें आग बुझाने के लिए प्रोत्साहन राशि देने पर विचार चल रहा है|
गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के सवाल के जवाब में वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा प्रदेश में 10 जून तक वनाग्नि से 3343.85 हेक्टेयर जंगल प्रभावित हुए| कहा कि सरकार वनाग्नि रोकथाम के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर व वनाग्नि प्रबंधन कमेटी का गठन करने जा रही है| ग्राम प्रधान की अध्यक्षता वाली कमेटी में महिला , पुरुष, मंगल दल के अध्यक्ष, वनाग्नि पंचायत के सरपंच और उनके साथ ही राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल होंगे| वन मंत्री ने कहा कि सरकार कमेटी को प्रोत्साहन राशि देने पर विचार कर रही है| चीड़ वन अधिकता वाले क्षेत्रों में लिसा चुगान का पैसा उपलब्ध है| इसे इस्तेमाल किया जा सकता है| इसके अलावा ऐसे संभावित जगहों पर जलाशय बनाए जाएंगे|
