
उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए आज गुरुवार के दिन “पैच रिपोर्टिंग ऐप” का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने सचिवालय में इस ऐप का शुभारंभ किया, यह मोबाइल ऐप लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए बनाया गया है जिसके माध्यम से अब कोई भी व्यक्ति अपने आसपास के सड़कों पर बने गड्ढों की फोटो खींचकर पूरी जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कर सकता है और इसके खिलाफ फिर कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि इस ऐप के माध्यम से काफी हद तक राज्य की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि ऐप के माध्यम से शिकायतकर्ता द्वारा सड़क पर गड्ढे से संबंधित जो भी शिकायत दर्ज की जाएगी उसका समाधान 1 सप्ताह के अंदर कराया जाना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। सीएम का कहना है कि यह राज्य की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए काफी मददगार साबित होगा। इसके अलावा उन्होंने लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से कहा कि वह इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें तथा उनके द्वारा अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिए गए हैं। प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में सहयोग करने वाला यह मोबाइल ऐप लोक निर्माण विभाग द्वारा सुलभ, सुरक्षित यात्रा हेतु सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाए जाने और आमजन से परस्पर संवाद बनाए रखने के लिए विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से जनता अपनी शिकायत दर्ज कर सकती है।

