Uttarakhand -: विकास सूत्रों की रैंकिंग में उत्तराखंड का ये जिला बना नंबर वन, प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर दी बधाई

उत्तराखंड के 13 जिलों के बीच 20 सूत्रीय कार्यक्रम के निर्धारित विकास सूत्रों की रैंकिंग में कड़ी प्रतिस्पर्धा जारी है, इसमें जनवरी माह तक पौड़ी जिला पहले स्थान पर था, लेकिन 1 माह के भीतर 32 मदों में से 29 में ए ग्रेट प्राप्त करके टिहरी ने नौवें स्थान से लंबी छलांग लगाते हुए अव्वल स्थान प्राप्त कर लिया है|


अपने जिले की रैंकिंग में सुधार से उत्साहित होकर टिहरी सांसद ने ट्वीट कर टिहरीवासियों को बधाई दी और पीएम मोदी को इसका श्रेय दिया|
इसके बाद पीएम मोदी ने ट्वीट करके प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं प्रेरित की|
बताते चलें कि अर्थ एवं संख्या विभाग के 20 सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन अधिष्ठान प्रत्येक महीने जिलावार रैंकिंग जारी करता है| रैंकिंग की रिपोर्ट बताती है कि वित्तीय वर्ष के दौरान किस महीने तक कौन सा जिला किस विकास सूत्र में सर्वोत्तम स्थान पर है और कहां कमजोर रहा, जहां उसे सुधार की जरूरत है|


इस रिपोर्ट में अप्रैल से जनवरी तक की रैंकिंग में पौड़ी जिला विकास लक्ष्यों के 33 मदों में से 28 में ए ग्रेट प्राप्त करके पहले स्थान पर रहा था, लेकिन फरवरी में उसे टिहरी जिले ने पछाड़ दिया| जबकि जनवरी तक टिहरी जिला दसवें स्थान पर था| 32 में से 9 मदों में उसका बी ग्रेट था|
साथ ही चंपावत जिले की रैंकिंग में भी सुधार दर्ज हुआ है| जिले ने 5 अंकों की उछाल लगाते हुए प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है| उधमसिंह नगर, जो पहले दूसरे स्थान पर था अब छठे स्थान पर पहुंच गया है| जबकि कुछ सुधार के साथ देहरादून छठे से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है|
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा ‘इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए टिहरी के मेरे सभी भाइयों और बहनों को बहुत-बहुत बधाई| यह विकास के प्रति आपकी लगन और परिश्रम का सुफल है|’
बताते चलें कि 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत गरीबी हटाओ, किसान मित्र, खाद्य सुरक्षा, सबके लिए आवास, जन-जन का स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल, एससी-एसटी एवं ओबीसी कल्याण, महिला और बाल कल्याण, ग्रामीण ऊर्जा, लघु उद्योग, राष्ट्रीय बचत, ग्रामीण सड़क, पर्यावरण एवं वन वृद्धि, श्रमिक कल्याण, सबके लिए शिक्षा, बस्ती सुधार, युवा विकास, ई-शासन, पिछड़ा क्षेत्र विकास, सामाजिक सुरक्षा बिंदुओं को लिया गया है|
इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण और शहरी आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, पीएम आवास शहरी एवं ग्रामीण, बाल प्रशिक्षण, पीएम मातृत्व वंदना योजना, लघु उद्यमों की स्थापना, पीएमजीएसवाई, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, शुद्ध जमा राशि, बायोगैस संयंत्र आदि प्रमुख योजनाएं है|