Uttarakhand- यहां रोडवेज स्टेशन पर लाश मिलने से मचा हड़कंप

उत्तराखंड राज्य के ऊधम सिंह नगर में खटीमा क्षेत्र के अंतर्गत बीते रविवार को रोडवेज स्टेशन के समीप एक लाश मिलने से हड़कंप मच गया। रोडवेज स्टेशन के पास लोगों को एक लाश पड़ी मिली जिसके बाद यह खबर रोडवेज के अधिकारी को दी गई। सूचना मिलते ही रोडवेज के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार के देर शाम की है। दीपावली के त्यौहार के कारण स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ थी और इसी दौरान यात्रियों ने स्टेशन के पास एक युवक को बेहोश पड़ा देखा और युवक के शरीर में किसी भी प्रकार की कोई हलचल नहीं हो रही थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की मगर फिर भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। बता दें कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है तथा उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।