
विश्व प्रसिद्ध कार्बेट टाइगर रिजर्व में शिकारियों के फंदे में फंसी बाघिन ने सोमवार देर रात तीन शावकों को जन्म दिया है| जानकारी के मुताबिक, 8 वर्षीय बाघिन और उसके शावक पूरी तरह से स्वस्थ हैं, लेकिन फंदा (स्नेयर) अभी भी बाघिन के पेट वाले हिस्से में धंसा हुआ है|
कहा जा रहा है कि बाघिन के गर्भवती होने के चलते सुरक्षा की दृष्टि से उसकी सर्जरी नहीं की गई|
बता दें, मामले का शासन स्तर पर संज्ञान लिया गया और मुख्यमंत्री ने खुद इसकी जांच के आदेश दिए| इसके बाद केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की विंग वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो ने उत्तराखंड समेत देशभर में स्थित टाइगर रिजर्व को बाघों की सुरक्षा के संबंध में रेड अलर्ट जारी किया था| मामले की जांच के नतीजे अभी नहीं आए हैं|
मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक डॉ. समीर सिन्हा के मुताबिक, बाघिन ने तीन शावकों को जन्म दिया है| बाघिन और शावक स्वस्थ हैं| चिकित्सकों की देखरेख में बाघिन को ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर में रखा गया है| बाघिन की उम्र करीब 8 वर्ष है| कुछ दिनों के बाद चिकित्सकों का पैनल जांच के बाद उसकी सर्जरी के बारे में निर्णय लेगा|
