Uttarakhand- इस दिन लगेगा वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण…. पढ़ें पूरी खबर

इस बार साल 2023 का पहला सूर्य ग्रहण अप्रैल माह में लगने जा रहा है। बता दें कि सूर्य ग्रहण 2023 आगामी 20 अप्रैल 2023 को लगेगा और यह हाइब्रिड सूर्यग्रहण दुनिया के सीमित हिस्सों से ही देखा जा सकेगा। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान नैनीताल के निदेशक प्रोफेसर दीपांकर बनर्जी ने बताया कि इस वर्ष 4 ग्रहण लगेंगे जिसमें से दो सूर्य व दो चंद्र ग्रहण होंगे और आगामी 20 अप्रैल को लगने जा रहा ग्रहण हाइब्रिड यानी कि संकर सूर्य ग्रहण होगा। इस ग्रहण का पाथ संकरा होने के कारण इसे संकर ग्रहण कहा जाता है। जिस कारण यह दुर्लभ भी होता है। इसकी पूर्णता का मार्ग उत्तर पश्चिम केप, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के एक दूरस्थ प्रायद्वीप के ऊपर से होकर जाएगा और यह सूर्य ग्रहण पूर्वी तिमोर के भागों में व डामर द्वीप में नजर आएगा तथा अंत में इंडोनेशिया में कुछ हिस्सों से इसे देखा जा सकेगा। यह सूर्य ग्रहण भारत से नहीं दिखेगा और इस ग्रहण के ठीक 15 दिन बाद चंद्रग्रहण होगा। वही दूसरा सूर्य ग्रहण अक्टूबर माह में लगेगा। सूर्य ग्रहण चार प्रकार के होते हैं आंशिक सूर्यग्रहण, पूर्ण सूर्य ग्रहण, वलयाकार सूर्य ग्रहण और हाइब्रिड सूर्य ग्रहण।