
उत्तराखंड राज्य में पांच केदारो में से द्वितीय और तृतीय केदार के कपाट बंद होने की तिथि आगामी विजयदशमी पर्व पर तय की जाएगी और इसको लेकर बद्री तथा केदार मंदिर समिति तैयारी में जुट गई है। बता दे कि हर साल केदारनाथ धाम समेत चार धाम के कपाट खुलने और बंद होने की तिथि निश्चित करने की परंपरा है। ब्राह्मण एवं वेदपाठी पंचांग के अनुसार ही तिथियां तय करते हैं और केदारनाथ के कपाट परंपराओं के अनुसार भैयादूज पर्व पर बंद होने की परंपरा है लेकिन इसकी विधिवत घोषणा विजयदशमी पर हो जाती है। आगामी 24 अक्टूबर को द्वितीय और तृतीय केदार के कपाट बंद होने की तिथि तय कर दी जाएगी। मंदिर समिति के कार्याधिकारी के अनुसार केदारनाथ के साथ ही विजयदशमी पर्व पर द्वितीय व तृतीय केदार के कपाट बंद करने की तिथि निश्चित की जाएगी जिसे लेकर समिति तैयारियों में जुट गई है।

