
उत्तराखंड राज्य के देहरादून से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां आर्मी कैंटीन के नाम पर राज्य के पर्वतीय जिलों में अवैध शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शराब के कारोबार में एक पूर्व फौजी में शामिल था। पुलिस ने सीएसडी कैंटीन के कर्मचारियों के इस धंधे में शामिल होने की आशंका जताई है और पुलिस द्वारा आरोपित से 28 पेटी अवैध शराब बरामद की गई हैं तथा पुलिस को अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश है। पुलिस अधीक्षक अपराध मिथिलेश कुमार के अनुसार मंगलवार को थाना अध्यक्ष रायपुर कुंदन राम को यह सूचना मिली कि देहरादून में चंडीगढ़ से अवैध रूप से शराब लाकर बेचने वाला एक गिरोह सक्रिय है जो कि आर्मी कैंटीन का लेबल लगाकर शराब बेच रहा है। सूचना मिली थी दो व्यक्ति रायपुर क्षेत्र में शराब के खेप पहुंचाने वाले हैं तो पुलिस तंत्र सक्रिय हो गया और पुलिस तलाश में जुट गई । पुलिस को स्कूटी से अवैध शराब बरामद हुई और उसके बाद पुलिस ने स्कूटी सवार प्रवीण कुमार ठाकुर व अश्विनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया जिनके पास से पुलिस ने 5 पेटी अवैध शराब बरामद की और इसके अलावा स्कूटी की डिक्की से सीएसडी कैंटीन के लेबल बरामद हुए। दोनों आरोपियों के खिलाफ़ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। उनके द्वारा बताया गया है कि उनका गिरोह 5 लोगों का है और वे लोग चंडीगढ़ से शराब लाकर यहां बेचते हैं। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूर्व फौजी जितेंद्र सिंह रावत को भी गिरफ्तार कर लिया और अब पुलिस को अन्य आरोपितों की तलाश है।

