
उत्तराखंड राज्य में मानसून सीजन के चलते मनसा देवी पहाड़ी से हिल बाईपास व आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन हो रहा था। लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए डीएम की पहल पर विशेषज्ञों की टीम ने क्षेत्र का मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। जिलाधिकारी धीरज सिंह गबर्याल की पहल पर उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र के निदेशक शांतनु सरकार के निर्देशन में विशेषज्ञ डॉक्टर रोहित कुमार, भूवैज्ञानिको की टीम ने भूस्खलन वाले क्षेत्रों का वर्षा के बीच में स्थलीय निरीक्षण किया और निरीक्षण करने के बाद टीम ने पाया कि मनसा देवी मंदिर आसपास के क्षेत्रों को भूस्खलन से कोई भी खतरा नहीं है। विशेषज्ञों की टीम ने क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन का निरीक्षण किया और जानकारी जुटाई। व्यूप्वाइंट पहुंचने के बाद टीम को काफी अधिक भूस्खलन नजर आया और वहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल था फिर भी संकरें और फिसलने वाले मार्ग पर चलते हुए टीम भूस्खलन के कारणों की पड़ताल कर अपने गंतव्य पर पहुंची। मंदिर की पहाड़ी के चारों तरफ का जायजा लिया तथा पाया कि भूस्खलन के कारण मनसा देवी मंदिर और आसपास के क्षेत्र को कोई खतरा नही है तथा जल्द ही स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट भी आ जाएगी।

