
देहरादून| खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य में 8 साल से लेकर 14 वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी| हर वर्ष राज्य में 3900 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा|
बताते चलें कि मुख्यमंत्री धामी के अनुमोदन के बाद विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार ने यह आदेश दिया| सीएम धामी ने खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना शुरू करने का ऐलान किया है| इसके तहत प्रत्येक जिले में से 150-150 बालक-बालिकाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी| यह छात्रवृत्ति एक वर्ष के लिए ही होगी| अगले वर्ष इस उम्र के बच्चों को दोबारा स्क्रीनिंग टेस्ट के बाद मेरिट के आधार पर ही चयन किया जाएगा| 8 से 14 वर्ष के हर आयु वर्ग के 25 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा| छात्र-छात्राओं का चयन उनकी शारीरिक क्षमता जैसे स्पीड, स्टेमिना स्ट्रैंथ का आकलन भारत सरकार के मान्यता प्राप्त मानकों के आधार पर किया जाएगा| प्रत्येक स्कूल के चयनित छात्र-छात्राओं का न्याय पंचायत स्तर पर परीक्षण होगा| इसके बाद ब्लॉक और फिर अंतिम चयन जिला स्तर पर किया जाएगा| जिले की मेरिट के आधार पर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी| विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने कहा कि इस तरह की छात्रवृत्ति के कई सुखद परिणाम नजर आएंगे|
