
उत्तराखंड राज्य में आगामी 10 मई से चार धाम यात्रा शुरू होने जा रही है। बता दें कि यात्रा के लिए 1 अप्रैल से पंजीकरण शुरू हो सकता है। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के बाद अब जल्द ही गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने की तिथि भी जारी हो जाएगी और 1 अप्रैल से यात्रियों को पंजीकरण का लाभ मिल सकता है। यात्रियों को इलेक्ट्रॉनिक टोकन दिए जाएंगे और इन टोकन को लेकर तीर्थ यात्री वातानुकूलित टेंट के अंदर बैठकर पंजीकरण के लिए अपनी बारी का इंतजार कर पाएंगे। 112 बेड की डॉरमेट्री में भी एयर कंडीशनर लगेंगे। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे द्वारा बीते बृहस्पतिवार को ट्रांजिट कैंप में चार धाम यात्रा को लेकर बैठक की गई और इस दौरान उन्होंने पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप परिसर तथा डॉरमेट्री का निरीक्षण किया। पत्रकार वार्ता के दौरान उनका कहना था कि तीर्थ यात्रियों को इलेक्ट्रॉनिक टोकन पंजीकरण के लिए दिए जाएंगे और यात्री वातानुकूलित टेंट में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर पाएंगे।

