Uttarakhand -: मौसम विभाग द्वारा राज्य में गर्मी का रेड अलर्ट जारी, इतने दिनों तक रहेगा खतरा

देहरादून| मौसम विभाग ने राज्य में अगले 4 दिनों के लिए गर्मी का रेड अलर्ट जारी कर दिया है| ज्यादा तापमान के कारण जंगलों में आग लगने की भी अधिक आशंका जताई गई है| आज उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है|
गर्मी बढ़ने के कारण राज्य के जंगलों में आग धधक रही है| जिससे वन संपदा को बहुत अधिक नुकसान पहुंच चुका है| अब फिर मौसम विभाग द्वारा राज्य में गर्मी का रेड अलर्ट जारी कर दिया है| जिसके चलते वन विभाग और सतर्क हो गया है|
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक 26 से 29 अप्रैल तक प्रदेश के मौसम शुष्क रहेगा| अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़त होगी| उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ , बागेश्वर जिलों के 4000 मीटर से ऊंची क्षेत्रों में बर्फ पिघलने की दर बढ़ने से हिमस्खलन की आशंका है| 28 अप्रैल को ताजा पश्चिमी विक्षोभ गर्मी से राहत भी दे सकता है| इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है|
बताते चलें कि इस माह राज्य में अभी 79 फ़ीसदी कम बारिश हुई है| चंपावत, पौड़ी, गढ़वाल, हरिद्वार व नैनीताल जिले में बिल्कुल भी बारिश नहीं हुई है| कम बारिश वाले जिलों में अल्मोड़ा, देहरादून, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर शामिल है| बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी जैसे जिलों में अन्य के मुकाबले स्थिति बेहतर है|