
उत्तराखंड राज्य में एक बार फिर सरकार ना बना पाने के कारण कांग्रेस में फिर अंतर कलह शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर अभी-अभी टिकट बेचने का आरोप लगाया गया था जिसके शांत होने के बाद अब पार्टी के अलग-अलग नेता समय बीतने के साथ बगावत करते नजर आ रहे हैं।इसी दौर में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत मोदी मैजिक नहीं बल्कि कांग्रेस की गलती है। कांग्रेस उत्तराखंड में सरकार नहीं बना पाई इसकी गलती कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की है जिसे वह मोदी मैजिक कह कर टाल रहे है। पूर्व कैबिनेट मंत्री का कहना था कि कांग्रेस के हार के लिए पूर्ण रूप से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव जिम्मेदार है। साथ में उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हाईकमान स्वयं ही हरीश रावत को जीतते हुए नहीं देखना चाहता था। साथ में पूर्व कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश प्रभारी को हटाने की भी मांग की उन्होंने कहा जब तक प्रदेश प्रभारी को नहीं हटाया जाएगा कांग्रेस उत्तराखंड को नहीं संभाल सकती।साथ में उन्होंने हाईकमान की ओर इशारा करते हुए कहा कि हाईकमान द्वारा बार-बार अन्य प्रभारियों को उत्तराखंड की तमाम सीटों पर भेजकर अधिकृत प्रत्याशियों को हराने का काम किया गया। और अब अपनी हार का ठीकरा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोदी मैजिक पर फोड़ रहे हैं जो कि बिल्कुल भी सही नहीं है। क्योंकि अगर मोदी मैजिक ही होता तो उधम सिंह नगर, हल्द्वानी और अल्मोड़ा से कांग्रेस नहीं जीतती।

