
उत्तराखंड राज्य में हो रही बारिश के कारण लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। वर्षा और भूस्खलन से लगातार नुकसान का सिलसिला जारी है। राज्य में बीते 24 घंटे के अंतर्गत भारी वर्षा के कारण 8 मकान ध्वस्त हो गए हैं और कई बीघा जमीन बह गई है। सड़के तथा पेयजल और विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है वही राजमार्गों पर भी भूस्खलन के कारण आवागमन काफी खतरनाक हो गया है। बारिश के कारण गंगा समेत अन्य नदियां उफान पर है वहीं मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अगले 4 दिन तक तेज बारिश के आसार हैं। शनिवार को पौड़ी, नैनीताल तथा उधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वही देहरादून में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक बीते बुधवार को रुद्रप्रयाग के कांदी ग्राम पंचायत में अतिवृष्टि के कारण कई बीघा खेत बह गए और टिहरी जिले के कोट गांव में वर्षा के कारण पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आकर चार मकान ध्वस्त हो गए। वही कई मवेशियों ने भी इस दौरान अपनी जान गवाई है। जोशीमठ के सिंहधार में दो मंजिला मकान का एक हिस्सा टूट गया इस तरह से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बीते 24 घंटे के अंतर्गत 8 मकान ध्वस्त हो चुके हैं।

