
देहरादून| अब उत्तराखंड के कम आबादी वाले गांव भी मुख्य सड़कों से जुड़ेंगे| जिसके लिए ग्राम्य विकास विभाग में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना का खाका तैयार किया है|
यह योजना करीब 100 करोड़ रुपये की है| इसके लागू होने से ऐसे गांव तक पक्की सड़क बनाई जा सकेगी|
बताते चलें कि अभी तक प्रदेश में पीएम ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत करीब 668 गांव को सड़क मार्ग से जोड़ा गया है| जिसके तहत करीब 1472 किमी लंबाई की सड़के बनाई गई है| पीएम ग्रामीण सड़क योजना की सड़कों के निर्माण के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 250 से अधिक की आबादी वाले गांव को जोड़े जाने की ही बाध्यता है, ऐसे में वह गांव जो इस मानक को पूरा नहीं करते हैं पक्की सड़क से आज भी दूर है|
योजना के तहत ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों के स्तर पर सड़क निर्माण का प्रस्ताव विकास खंड अधिकारी को भेजा जाएगा| इसके बाद विकासखंड में संकलित प्रस्तावों को जिलाधिकारी की समिति के समक्ष रखा जाएगा जिला अधिकारी नियम के अनुसार प्रस्ताव को अनुमोदित करते हुए शासन को धनराशि अवमुक्त किए जाने के लिए प्रस्ताव भेजेंगे|

