
उत्तराखंड राज्य के हल्द्वानी से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है जहां जेल में रहते हुए कैदी ने सीटेट की परीक्षा पास कर ली है। बता दें कि यह मामला बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन की फिल्म दसवीं के जैसा है। उन्होंने जेल में रहते हुए हाई स्कूल की परीक्षा पास की थी इसी तरह हल्द्वानी कारागार में बंद किच्छा के बंदी ने सीटेट की परीक्षा पास कर ली है और करीब 2 महीने पहले उनका रिजल्ट जारी हुआ है। बता दें कि किच्छा के वार्ड नंबर 15 विकास कॉलोनी निवासी अमित कुमार पुत्र भोलेलाल 20 दिसंबर 2022 को हल्द्वानी जेल में आया और उसके ऊपर दहेज हत्या का आरोप है। आरोपित ने उत्तराखंड बोर्ड के इंटरमीडिएट परीक्षा में मेरिट लिस्ट हासिल कर टॉप टेन में जगह बनाई थी और जेल में आने के बाद उसने सीटेट की परीक्षा पास की है। अमित की इस कामयाबी से जेल प्रशासन भी गदगद है और वही हल्द्वानी जेल में रहकर ही अमित संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहा है तथा जेल प्रशासन की ओर से उसे पूरी तरह से सहयोग किया जा रहा है। अमित को पढ़ने के लिए किताबें तथा लिखने के लिए कॉपी उपलब्ध कराई गई हैं।

