
देहरादून| राज्य के शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने जर्मनी जाने से पहले शहरी विकास विभाग में 74 कर्मियों के तबादले कर दिए| इस बात की भनक लगते ही सीएम दफ्तर से इन तबादलों पर रोक लगा दी गई|
बताते चलें कि शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल के अनुमोदन के बाद शनिवार को शहरी विकास विभाग ने नगर निगमों, नगर पालिकाओं में कार्यरत कर एवं राजस्व अधीक्षक, अधिशासी अधिकारी, कनिष्ठ सहायक से लेकर सफाई निरीक्षक के 74 पदों पर तबादले किए थे और बीते रविवार को मंत्री अग्रवाल ने स्टडी टूर के लिए जर्मनी की उड़ान भरी| इसी दौरान तबादलों पर रोक लगा दी गई|
जानकारी के अनुसार तबादलों पर सीएम कार्यालय से रोक लगाई गई है|
माना जा रहा है कि हरिद्वार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है| 74 तबादलों की जो सूची जारी हुई थी, इसमें हरिद्वार की कई निकायों में भी कर्मचारियों के तबादले किए गए थे| यानी रोक के पीछे एक वजह आचार संहिता को भी माना जा रहा है| इस सूची में कुमाऊं मंडल के कर्मचारियों की संख्या अधिक है| कुमाऊं मंडल के इन कर्मचारियों के स्तर से भी तबादलों पर आपत्ति जताई गई थी क्योंकि निकाय कर्मचारियों की केंद्रीय सेवा है, जो तबादला एक्ट के दायरे में नहीं आती है|
