उत्तराखंड -: राहुल गांधी के वापस लौटने के बाद भी नहीं थम रही सियासी बयानबाजी, अब इस पूर्व सीएम का बयान वायरल

देहरादून| कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी केदारनाथ की धार्मिक यात्रा करके वापस लौट चुके हैं, लेकिन राज्य में उनकी यात्रा को लेकर सियासी बयानबाजी अभी थमी नहीं है|
केदारनाथ पहुंचने पर राहुल गांधी के खिलाफ मोदी मोदी के नारे लगे थे| यह नारे लगाने वाले कौन लोग थे| यह कोई नहीं जानता| हालांकि प्रदेश कांग्रेस ने इसे भाजपा द्वारा आयोजित विरोध करार दिया था|


इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस में एक दूसरे के खिलाफ खूब बयानबाजी चल रही है| भाजपा ने इसे तीर्थयात्रियों की स्वाभाविक प्रतिक्रिया बताकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया| इस सियासी बयानबाजी से जुदा राहुल गांधी अपनी पूरी धार्मिक यात्रा में राजनीति से दूर रहे| उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया जिसे राजनीति से जोड़ा जाए| राहुल गांधी अपनी धार्मिक यात्रा करके नई दिल्ली लौट गए, लेकिन उन्हें लेकर कहीं न कहीं से कोई न कोई बयान चर्चा में आ ही जाता है|


अब सोशल मीडिया में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के एक बयान पर चर्चा चल रही है|
जिसमें पूर्व सीएम त्रिवेंद्र कह रहे हैं कि ‘राहुल के साथ पंडा पुरोहित ने विरोध किया या उनके कुछ अन्य विरोधी लोग वहां मौजूद थे, यह किसने किया, जांच का विषय है| लेकिन सैद्धांतिक रूप से मैं यह कहना चाहूंगा कि जितने भी हमारे धार्मिक स्थल है वहां इस तरह का वातावरण नहीं बनना चाहिए| चाहे वहां कोई भी जाए| आस्था जिसकी भी है, वे वहां जा सकते हैं|
आपको बता दें जब त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री थे, पंडा पुरोहितों ने चार धाम देवस्थानम बोर्ड के विरोध में उनके खिलाफ नारेबाजी की थी|