Uttarakhand- महिंद्रा थार चोरी करके फरार आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार….. पढ़ें पूरी खबर

उत्तराखंड राज्य की बहादराबाद पुलिस ने महिंद्रा थार चोरी करके फरार हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को पलवल हरियाणा से गिरफ्तार किया है और पकड़ा गया आरोपित अंतर्राज्यीय वाहन चोर है इसके खिलाफ राजस्थान में चोरी समेत विभिन्न मामलों में 51 मुकदमे दर्ज हैं और कई अन्य राज्यों की पुलिस की तलाश में जुटी है। आरोपित के कब्जे से पुलिस ने आठ नंबर प्लेट गाड़ियों की 69 चाबियां, चाकू, रेती, मुहर और गाड़ियों की आरसी आदि उपकरण व दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक 28 जुलाई को अत्मलपुर निवासी महेश कुमार के घर से महिंद्रा थार चोरी हो गई जिसके बाद पुलिस टीमों का गठन करके अलग-अलग राज्यों में आरोपित को खोजा गया। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर उप निरीक्षक अशोक सिरस्वाल के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम हरियाणा पहुंची और पुलिस ने अपना वाहन महिंद्रा थार के आगे खड़ा किया जिसे देखकर आरोपित वापस भागने लगा लेकिन पुलिस ने फायर करते हुए थार के टायर पंचर कर दिए और आरोपित को दबोच लिया। इस मामले में दूसरा आरोपित फरार हो गया जिसे पुलिस तलाश कर रही है। बता दे कि यह आरोपित गाड़ियां चुराकर नंबर प्लेट और दस्तावेजों को बदलकर अन्य राज्यों में बेच देता था जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।