![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0064.jpg)
उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास पर फूलदेई पर्व काफी धूमधाम से मनाया गया। बता दे कि पूरे राज्य में आज 14 मार्च को संक्रांति के साथ चैत्र मास की शुरुआत के अवसर पर यह पर्व मनाया गया। गढ़वाल और कुमाऊं में चैत्र माह की संक्रांति को मनाए जाने वाले इस लोक पर्व को बच्चे काफी धूमधाम से मनाते हैं और आज सुबह से ही बच्चों की टोलिया घर-घर जाकर फुलदेई कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास में भी सपरिवार धूमधाम से यह पर्व मनाया गया और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में रंग बिरंगे परिधारों में सजे बच्चों ने देहरी पर फूल और चावल बिखेरे तथा पारंपरिक गीत भी गाया। इस अवसर पर सभी बच्चों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की तथा मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशवासियों को इस त्यौहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गई तथा उन्होंने पूरे प्रदेश के सुख समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना था कि लोक पर्वों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है और गत वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश भर में फूलदेई को बाल पर्व के रूप में मनाने का निर्णय भी लिया गया था। साथ ही यह पर्व बसंत के आने का संदेश भी देता है और इस दिन बच्चे रंग-बिरंगे फूलों के साथ टोकरिया लेकर घरों की देहरी में फूल डालते हैं तथा चावल और गुड़ लेते हैं।
![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0065.jpg)