
उत्तराखंड राज्य में चार धाम यात्रा शुरू होने के बाद कई यात्रियों की यात्रा के दौरान मौत हो गई है। बता दें कि गुजरात निवासी एक व्यक्ति की हृदय गति रुकने के कारण यमुनोत्री धाम की यात्रा पर मौत हो गई है। अब तक यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए 9 और गंगोत्री धाम की यात्रा पर आए छह तथा केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए 2 तीर्थयात्रियों ने हृदय गति रुकने के कारण अपनी जान गवा दी है तथा इसके अलावा चोटिल होने से भी यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर 2 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। दरअसल यात्री तबीयत बिगड़ने के कारण बेहोश होकर गिर पड़े और इसी दौरान उन्हें चिकित्सालय ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बीते रविवार को संजना बाई पवार निवासी ग्राम गोठानिया खुर्द मध्य प्रदेश की मौत हो गई और वहीं दूसरी तरफ जानकी चट्टी से यमुनोत्री जाते हुए बाला साहेब दगडू निवासी महाराष्ट्र की हृदय गति रुकने से मौत हो गई है। बता दें कि चारधाम यात्रा के दौरान हृदय गति रुकने या फिर चोटिल होने के कारण कई यात्रियों को अपनी जान गंवानी पड़ती है मगर फिर भी यात्रियों की श्रद्धा में कोई कमी नहीं आती और हर साल उत्तराखंड राज्य में चार धाम की यात्रा पर लाखों की संख्या में यात्री यात्रा करने के लिए आते हैं।
