Uttarakhand -: अब विश्वविद्यालयों में यह छात्र भी ले सकेंगे दाखिला, लागू हुआ नया नियम

अब नई शिक्षा नीति के तहत, अगर‌ कोई छात्र 12वीं के बाद कुछ वर्षों तक स्नातक में प्रवेश नहीं ले पाता है तो वह कभी भी दाखिला ले सकेगा| राज्य सरकार ने नई शिक्षा नीति के तहत इसी साल से यह बदलाव किया है जो सभी राज्य विश्वविद्यालयों में लागू कर दिया गया है| अब स्नातक में वे छात्र भी रेगुलर कोर्स में दाखिला ले सकते हैं जिन्होंने 2 साल से अधिक समय पहले 12वीं पास किया है|
बता दें इसके लिए शासन स्तर पर सचिव उच्च शिक्षा शैलेश बगोली की अध्यक्षता में मई माह में एक बैठक हुई थी| इस दौरान नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों को अधिक से अधिक मौका देने पर निर्णय लिया गया|
पहले नियम के मुताबिक, 12वीं के बाद 2 साल से अधिक का गैप होने पर रेगुलर स्नातक में दाखिले की अर्हता खत्म हो जाती थी| अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत छात्रों को ‘मल्टीप्ल एंट्री, मल्टीप्ल एग्जिट’ के तहत इस नियम को बदल गया और तय किया गया कि अब 12वीं के बाद गैप का नियम नहीं होगा|


राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत छात्र 12वीं के बाद 2 साल से अधिक का गैप होने पर भी स्नातक में दाखिला ले सकेंगे| सभी विश्वविद्यालयों ने इसी साल से यह बदलाव लागू कर दिया है|
इसके अलावा बता दें राज्य सरकार ने सभी विश्वविद्यालय में एक ही समय में दो डिग्री करने का मौका भी दे दिया है| इसके लिए छात्र अगर राज्य के किसी भी विश्वविद्यालय से कोई कोर्स रेगुलर मोड में कर रहा है तो दूसरा कोर्स उसे डिस्टेंस लर्निंग यानी मुक्त विश्वविद्यालय से करना होगा| दोनों कोर्स की कक्षाओं का समय अलग-अलग होना जरूरी है| इसी साल से नई शिक्षा नीति के तहत यह छूट दे दी गई है| जिससे छात्रों को लाभ मिलेगा, उनके समय की बचत होगी|