
उत्तराखंड राज्य अब दिल्ली ज्यादा दूर नहीं है। बता दें कि 29 मई को देहरादून और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू होने जा रही है और ना सिर्फ दिल्ली और देहरादून बल्कि जुलाई से रेलवे काठगोदाम तथा नई दिल्ली के बीच भी वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। दोनों ट्रेनों से सुबह दिल्ली जाकर शाम तक लौटा जा सकता है। वंदे भारत एक्सप्रेस से विभिन्न शहरों को जोड़ा जा रहा है और 29 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून में देहरादून- नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। दोनों ट्रेन सुबह 10:00 बजे से पहले दिल्ली पहुंचेंगी और रात 10:00 बजे तक अपने रवाना होने वाले स्टेशन तक लौट आएंगी। फिलहाल इस मामले में टाइम टेबल बनाने की कवायद चल रही है और इसके लिए मुरादाबाद रेल मंडल से भी सुझाव मांगा गया है। वर्तमान में देहरादून से दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस 5.55 घंटे और काठगोदाम से दिल्ली 6. 40 घंटे में पहुंचती है। वंदे भारत इससे कम समय लेगी और यह पूरी तरह से देश में निर्मित ट्रेन है जो कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।

