उत्तराखंड -: अब राज्य के स्कूलों में बच्चे सीखेंगे आयुर्वेद के नुस्खे, सभी जिलों में 300 स्कूलों में पढ़ाई जाएगी आयुष विद्या

उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे अब स्वस्थ जीवन शैली के लिए आयुर्वेद के नुस्खे भी सीखेंगे| पहली बार राष्ट्रीय आयुष मिशन में केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दी है| जिसके तहत प्रत्येक जिले में 300 स्कूलों में बच्चों को आयुष विद्या पढ़ाई जाएगी|


जिसके लिए केंद्र सरकार ने 3.51 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी दी है|
आयुष चिकित्सा पद्धति से स्वस्थ जीवन शैली और दिनचर्या बनाने के लिए केंद्र सरकार ने स्कूलों में बच्चों को आयुष विद्या बढ़ाने का निर्णय लिया है| जिसके तहत पहले चरण में राज्य के 3900 सरकारी स्कूलों में बच्चों को आयुर्वेद पद्धति से दिनचर्या व ऋतु चर्या की जानकारी दी जाएगी और स्वस्थ रहने के लिए खानपान, सुबह उठने और रात को सोने का समय, योग के बारे में जानकारी दी जाएगी|
इस संबंध में सचिव आयुष डॉ. पंकज कुमार पांडेय का कहना है कि स्कूलों में बच्चों को आयुष विद्या के माध्यम से आयुर्वेद के महत्व को बताया जाएगा| जिससे बच्चे स्वस्थ जीवन शैली के लिए आयुर्वेद को अपना सकें| जल्द ही स्कूलों का चयन कर योजना को शुरू किया जाएगा|


बता दें आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने इस साल आयुष मिशन के तहत उत्तराखंड का बजट 4 गुना तक बढ़ाया है| पिछले साल आयुष मिशन में 12 करोड़ का बजट दिया था, इस साल 48 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है| इसमें 3.51 करोड़ की राशि आयुष विद्या पर खर्च होगी|