
देहरादून| एक के बाद एक कई इस्तीफों से सैनिक कल्याण विभाग में अफरा-तफरी मची हुई है| जिला सैनिक कल्याण अधिकारी समेत 5 से अधिक अफसरों और कर्मचारियों ने इस्तीफा दिया है| जिनमें से कुछ के इस्तीफे अभी मंजूर नहीं हुए हैं|
आरोप लगाया जा रहा है कि इन पर गलत दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जाता है और अगर ऐसा नहीं किया तो तबादले की धमकी दी जा रही थी| जिस कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है|
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल चंद्रवीर सिंह बिष्ट ने शुक्रवार को अचानक इस्तीफा दे दिया| इससे पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय से 2 कर्मचारियों ने भी हाल ही में इस्तीफा दिया था| यह क्लर्क रैंक पर तैनात थे|
लेफ्टिनेंट कर्नल चंद्रवीर सिंह बिष्ट ने पहले जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात कर्नल डी कौशिक (सेनि) ने भी इस्तीफा दिया था|
कहा जा रहा है कि चमोली, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल से भी एक-एक कर्मचारियों ने इस्तीफा दिया है|
मिल रही जानकारी के अनुसार इन सभी पर गलत दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और इनके मना करने पर पहाड़ पर तबादला करने के आदेश जारी कर दिए गए| जिस कारण उन्होंने नौकरी से पल्ला झाड़ना ही उचित समझा|
कहा जा रहा है कि अगर इस मामले की सही से जांच हो गई तो कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं|
मामले में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का कहना है कि ‘2 लोगों के इस्तीफा देने की बात सामने आई है| एक का इस्तीफा मैंने रिजेक्ट कर दिया है| दूसरे अधिकारी की लगातार फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं करने की शिकायत मिल रही थी| इसलिए उनका टिहरी तबादला कर दिया गया| इसके चलते उन्होंने इस्तीफा दिया है|’
