उत्तराखंड राज्य में जो भी कर्मचारी इंजीनियरिंग उद्योगों में कार्यरत हैं उनके लिए काफी अच्छी खबर है। वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई के साथ- साथ श्रम विभाग द्वारा इंजीनियरिंग उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है। श्रम विभाग ने इन कर्मचारियों के डीए में 3 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की है यानी कि अगस्त 2022 से जनवरी 2023 तक की वेतन में महंगाई भत्ते की 221 से 277 रुपए तक की बढ़ी हुई रकम जुड़कर मिलेगी।
बता दें कि प्रतिवर्ष दो बार श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी होती है जिसका निर्धारण भारत सरकार के श्रम ब्यूरो द्वारा किया जाता है। प्रत्येक राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में महंगाई दर के अनुसार बढ़ोतरी करता है और इंजीनियरिंग उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों को अकुशल, अर्ध कुशल और कुशल तीन श्रेणियों में बांटा गया है इसी हिसाब से उनके महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की जाती हैं।श्रम विभाग ने अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी की है तथा इस बढ़ोतरी के संबंध में श्रम आयुक्त दीप्ति सिंह द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। राज्य में अकुशल श्रेणी के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 221 रुपए की बढ़ोतरी हुई है इसके अलावा अर्ध कुशल कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 242 और कुशल कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 277 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।