Uttarakhand-यूनिवर्सिटी में अध्यापिका के रूप में कार्यरत महिला के पति ने की हत्या….. आरोपित गिरफ्तार

उत्तराखंड राज्य के बाजपुर ग्राम गुमसानी निवासी एक महिला की हत्या उसके पति ने कर दी। महिला की हत्या कनाडा में की गई है और स्वजन इस मामले की जानकारी अपने सगे संबंधियों के माध्यम से जुटा रहे हैं। फिलहाल आरोपित को कनाडा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। दरअसल मामला यह है कि बाजपुर विकासखंड के ग्राम गुमसानी निवासी जसवीर सिंह की पुत्री हरप्रीत कौर गिल का विवाह नवइंदर सिंह गिल पुत्र गुरुचरण सिंह निवासी बत्रा कॉलोनी रुद्रपुर के साथ हुआ था और यह लोग शादी के कुछ समय बाद ऑस्ट्रेलिया चले गए। कुछ समय ऑस्ट्रेलिया में बिताने के बाद यह लोग कनाडा के शहर सरी में रहने लगे। यहां हरप्रीत यूनिवर्सिटी में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी और उसकी दो लड़कियां तथा एक लड़का है। बीते गुरुवार की रात को हरप्रीत के पति ने कनाडा में किसी बात को लेकर चाकू से उसकी हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हत्या की जानकारी हरप्रीत कौर के भाई धनवंत सिंह को अमेरिका में रह रहे एक सगे संबंधी द्वारा मिली और यह बात शुक्रवार को स्पष्ट रूप से सामने आ गई कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है और इस मामले की जानकारी धनवंत सिंह ने कनाडा में अपने परिचितों के माध्यम से जुटाई। फिलहाल वह अपनी बहन का शव भारत मंगाने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वह पीड़ित परिवार के साथ है तथा उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।