
देहरादून| राज्य में आशा वर्कर अब बीमार लोगों को उनके घर पर जाकर दवाई पहुंचाएंगी| आशाओं को टेलीमेडिसिन सेवाओं से जोड़ा जाएगा और इसके लिए उन्हें अलग से इंसेंटिव दिया जाएगा| इस संदर्भ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है|
मिली जानकारी के अनुसार, योजना में पहले राज्य में टेलीमेडिसिन सेवाओं को मजबूत किया जाएगा और फिर टेलीमेडिसिन से आशाओं को जोड़ा जाएगा| आशाओं का रोल यह होगा कि वह मरीज को डॉक्टर द्वारा दी जाने वाली दवाएं उनके घर तक पहुंचाएंगे|
बताते चलें कि टेलीमेडिसिन सेवाओं के तहत अभी मरीजों को डॉक्टर तो ऑनलाइन मिल रहे हैं लेकिन दवाओं के लिए अस्पताल जाना ही पड़ रहा है| इस समस्या को देखते हुए अब आशाओं को भी योजना से जोड़ा जा रहा है, जिससे मरीजों को दवा के लिए भी चक्कर न काटने पड़े|
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार का कहना है राज्य में टेलीमेडिसिन सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है| इसके तहत अब मरीजों को घर तक दवा देने की भी योजना है| इसके लिए टेलीमेडिसिन योजना से आशाओं को जोड़ा जाएगा और फिर आशाएं घर जाकर मरीजों को दवाएं देंगी| इसके बदले उन्हें इंसेंटिव भी दिया जाएगा|
