
उत्तराखंड में अब होमगार्ड को बीमार और घायल होने की दशा में ड्यूटी भत्ता मिलेगा|
इस संबंध में शासन ने आदेश जारी कर दिया है| यह भत्ता बीमार होने की दशा में होमगार्ड को 6 महीने तक मिलता रहेगा जबकि 6 माह बाद यह भत्ता नहीं मिलेगा|
होमगार्ड के कमांडेंट जनरल केवल खुराना के अनुसार, गत 6 दिसंबर को होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर सीएम धामी ने यह घोषणा की थी|
पूर्व में होमगार्ड की ड्यूटी के दौरान घायल व बीमार होने पर संबंधित होमगार्ड को किसी भी प्रकार का कोई भी ड्यूटी भत्ता नहीं मिलता था| इससे होमगार्ड की आर्थिक स्थिति कमजोर हो जाती थी| साथ ही मेहनती व कर्मठ होमगार्ड्स की कार्य क्षमता भी प्रभावित होती थी, लेकिन अब ड्यूटी के दौरान घायल व बीमार होने पर अस्पताल में भर्ती होने और मुख्य चिकित्सा अधिकारी या चिकित्सा अधिकारी की घोषणा किए जाने की अवधि से 6 माह तक होमगार्ड को ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा| संबंध में होमगार्ड मुख्यालय से कमांडर जनरल ने सभी मुख्यालयों को पत्र जारी कर दिया है| सभी होमगार्ड को अवगत करा दिया गया है|
भविष्य में होमगार्ड के उत्थान के लिए कई अन्य कल्याणकारी कार्य किए जाएंगे| इससे होमगार्ड के मनोबल में और अधिक बढ़ोतरी होगी और वह पुलिस के साथ मिलकर ड्यूटी करेंगे|
