
देहरादून| देश के कई हिस्सों में बीते सप्ताह धार्मिक समारोह के चलते टकराव के हालात को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने धार्मिक आयोजन को लेकर सख्त रुख अपना लिया है| बिना इजाजत धार्मिक जुलूस शोभायात्रा निकालने पर आयोजकों पर मुकदमा दर्ज होगा और उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा| गृह विभागों ने सभी जिलों के डीएम और एसएसपी को यह निर्देश जारी कर दिए हैं|
बताते चलें कि बीते सप्ताह रुड़की के भगवानपुर में शोभायात्रा के दौरान बवाल हो गया था| जिसके बाद सरकार के पास लगातार समुदायों के बीच तनाव की खबरें भी आ रही थी| इसलिए धार्मिक आयोजन टकराव का कारण न बने इसके लिए गृह विभाग ने पुलिस को ऐसे समारोह पर सख्ती से नजर रखने को कहा है| प्रदेश में पहले ही तयशुदा धार्मिक परिसरों से बाहर धार्मिक जुलूस समारोह के लिए प्रशासन से अनुमति लिए जाने का प्रावधान है| जिसमें आयोजन का स्थान मार्ग भाग लेने वाले लोगों की संख्या का विवरण तय रहता है| लेकिन बीते सप्ताह हुए बवाल के बाद गृह विभाग ने नए सिरे से सभी जिलों को 9 बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिए हैं| जिसमें कहा गया है बाहरी राज्यों से आकर रहने वाले अराजक तत्वों की पहचान की जाए|
संवेदनशील क्षेत्रों में शांति समितियां तत्काल सक्रिय की जाए|
तनाव वाले क्षेत्रों में जुलूस और धार्मिक आयोजन में अतिरिक्त बल की तैनाती हो|
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल से अफवाहों का खंडन किया जाए|
अराजक तत्वों की पहचान कर कड़ी कार्यवाही की जाए|

