
उत्तराखंड राज्य में 38 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी में प्रदेश सरकार जोरों- शोरों से तैयारी में जुटी हुई है और इन खेलों के सफल आयोजन में कोई कमी ना रहे इसके लिए खेल विभाग के अधिकारियों को सरकार खेलों के आयोजन के संबंध में जानकारी लेने के लिए गोवा भेज रही है।
यह अधिकारी वहां चल रही विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन के तरीकों, खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था व प्रबंधन के बारे में जानकारी लेंगे। प्रदेश में अगले वर्ष 38 वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर सरकार तैयारी में जुटी हुई है और इस दौरान प्रदेश सरकार की मंशा राष्ट्रीय खेलों में 38 खेल स्पर्धाएं करने की है। जिनमें 34 खेल भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा स्वीकृत है और चार खेल प्रदेश सरकार अपने स्तर से रखने की तैयारी कर रही है और किस जिले में कौन सी प्रतियोगिताएं करनी है इन राष्ट्रीय खेलों के लिए यह भी तय किया जा चुका है और उसके साथ ही खेल गांव को लेकर भी स्थान का चयन हो चुका है जहां पर अवस्थापना सुविधाओं को बढ़ाने का काम चल रहा है। खेल विभाग खेलों के आयोजन पर ध्यान दे रहा है और खेलों का आयोजन किस प्रकार किया जाना है यह भी देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय खेलो के अंत में उस राज्य को राष्ट्रीय खेलों का ध्वज प्रदान किया जाता है जहां अगले राष्ट्रीय खेल होने हैं। अगले वर्ष उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल प्रस्तावित है और यह ध्वज उत्तराखंड को दिया जाना है। खेल मंत्री रेखा आर्य खेलों के समापन पर यह ध्वज लेने गोवा जाएंगी।
