Uttarakhand- राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा 3 लक्ष्य करने होंगे तय

उत्तराखंड राज्य के लिए 9 नवंबर 2022 का दिन यानी कि आज का दिन बेहद ही खास है। बता दें कि 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य बना था और इस दिन को हम सभी राज्य स्थापना दिवस के रूप में मनाते हैं। इसी अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा पूरे प्रदेश को बधाई देते हुए कहा गया है कि हमें राज्य के लिए तीन लक्ष्य निर्धारित करने होंगे और तात्कालिक लक्ष्य के रूप में वर्ष 2025 तक उत्तराखंड कैसे होगा यह तय करना होगा। उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि राज्य जब अपनी स्थापना के 25 वर्ष मना रहा होगा तो उसके लिए लक्ष्य तय करने हैं। मध्यावधि लक्ष्य के रूप में वर्ष 2030 तक यानी कि तीसरे दशक की समाप्ति पर उत्तराखंड का स्वरूप तय करना होगा। उन्होंने कहा कि इस दशक को हमें अपना बनाना है और इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि यह दशक उत्तराखंड का दशक है। उसके बाद राज्यपाल का कहना है कि तीसरा लक्ष्य शतकीय है और वर्ष 2047 में भारत जब अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष मना रहा होगा तब स्वतंत्रता के अमृत काल के अंतिम सोपान पर उत्तराखंड के लिए लक्ष्य तय करने आवश्यक है।इस दौरान उन्होंने राज्य की महिलाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यहां की महिलाएं उत्तराखंड निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाएं आर्थिक तथा सामाजिक संरचना की रीढ़ हैं। वर्तमान समय में महिलाओं की शिक्षा स्वास्थ्य एवं रोजगार को हमें प्राथमिकता देनी चाहिए तथा उनके नेतृत्व क्षमता का विकास होना चाहिए।