
उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नए हरिपुर घाट का शिलान्यास किया गया। उन्होंने आरती करते हुए मां का आशीर्वाद लिया। बता दें कि विकासनगर हरिपुर में स्थित यमुना तट पर आज गुरुवार के दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। वह यहां एक खास कार्यक्रम के तहत आए और उन्होंने मां यमुना को नमन किया तथा मां यमुना का आचमन ग्रहण कर पूजन किया और आशीर्वाद भी लिया। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जौनसार बावर के प्रवेश द्वार हरिपुर कालसी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुना हरि स्नान घाट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया और इसके साथ ही वहां कार्य की शुरुआत भी हो गई।
इस दौरान सीएम धामी द्वारा आरती भी की गई और उन्होंने जनता को संबोधित भी किया। बता दे कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी गेट स्थित रामलीला मैदान में मंच से जनता को संबोधित किया और कहा कि हरिपुर का पौराणिक स्वरुप व वैभव जल्द लौटेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिपुर में आने से स्थानीय लोगों में घाट निर्माण से हरिपुर का गौरव बढ़ने की उम्मीद जगी है।

