Uttarakhand -: 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए राज्य ने मांगे 500 करोड़ केंद्र से मिले 100 करोड़

देहरादून| राज्य को 2024 में होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए केंद्र सरकार से 500 करोड़ की उम्मीद थी, लेकिन केंद्र से मात्र 100 करोड़ मिले हैं|


इस मामले में खेल विभाग का कहना है कि केंद्र से और मदद मिले इसके प्रयास किए जा रहे हैं| यदि मदद न मिली तो राज्य सरकार अपने संसाधनों से राष्ट्रीय खेल कराने के लिए तैयार है| इसके लिए अधिकतर इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर लिया गया है| इसी साल अक्टूबर में अधूरे कामों को पूरा कर लिया जाएगा|
बताते चलें कि प्रदेश में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में खिलाड़ियों के साथ ही 18 हजार लोगों के प्रतिभाग का अनुमान है| देहरादून और हल्द्वानी में राष्ट्रीय खेलों के खिलाड़ियों एवं अन्य टीम ऑफिशियल की आवासीय व्यवस्था के लिए दो खेल गांव विकसित किए जाने हैं| साथ ही खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए देहरादून और हल्द्वानी दो मुख्य स्थलों के साथ ही हरिद्वार, ऋषिकेश, गूलरभोज, रुद्रपुर, नैनीताल एवं पिथौरागढ़ में प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी है| अनुमान है कि खेलों के आयोजन में 249.97 करोड और अवस्थापना विकास कार्यों हेतु 719.44 करोड का खर्च होगा| इसकी पहली किस्त के रूप में केंद्र सरकार से 500 करोड़ की मांग की थी, लेकिन राज्य को फिलहाल केंद्र सरकार से 100 करोड़ मिल गए हैं|
राष्ट्रीय खेलों में भारतीय ओलंपिक संघ से 34 खेल प्रस्तावित है| अब तक यह तय नहीं किया गया है कि इसमें हमारी कौन-कौन सी टीमें खेलेंगी| इसके लिए प्रशिक्षण शिविर भी शुरू नहीं हुआ है, जबकि समय बहुत कम बचा है|