Uttarakhand- खाद्य मंत्री रेखा आर्य ने धान खरीद के लिए लिया यह बड़ा फैसला

देहरादून। उत्तराखंड राज्य में हर वर्ष धान का आयात किया जाता है तथा राज्य में इस वर्ष धान खरीद का लक्ष्य 9 लाख मीट्रिक टन रखा गया है जिसके लिए 257 केंद्र भी बनाए जा चुके हैं। बता दें कि धान की खरीद आगामी 1 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। सामान्य धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2040 रुपए प्रति क्विंटल तय है और ग्रेड- ए धान का मूल्य 2060 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से तय किया गया है। इस दौरान किसानों की सुविधा के लिए खाद्य मंत्री रेखा आर्य द्वारा धान खरीद केंद्रों पर आवश्यक प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि बीते 13 सितंबर 2022 को मंगलवार के दिन सचिवालय में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में खाद्य मंत्री रेखा आर्य द्वारा खरीफ खरीद सीजन 2022-23 की तैयारी की समीक्षा की गई तथा इस दौरान उन्होंने कहा कि धान खरीद केंद्रों पर सभी तैयारियां चाक-चौबंद होनी चाहिए।

किसानों को कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा केंद्रों में चौकीदार, कंप्यूटर, ऑपरेटर समेत रीजनल स्टाफ की व्यवस्था होनी चाहिए तथा धान तोलने के लिए कांटे भी लगाए जाने चाहिए। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि धान की खरीद सरकारी विभाग 1 से 15 अक्टूबर तक करेगा जिसके बाद कमीशन एजेंट धान की खरीद करेगा। धान खरीदने के लिए खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नेफेड और एनसीसीएफ को नामित किया गया है और इस खरीफ सीजन में 257 केंद्र खोले गए हैं। साथ में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्थानीय उत्पादों जैसे मडुआ, मक्का, उड़द ,मूंगफली, सोयाबीन तेल ज्वार जैसे पर्वतीय क्षेत्रों के उत्पादों के खरीद हेतु कार्ययोजना भी बनाई जाए।