
उत्तराखंड राज्य में बीते बुधवार को विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन में प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023- 24 के लिए 11321 करोड़ का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया इसमें धामी सरकार ने शहरी और ग्रामीण अवस्थापना विकास के लिए बजट पोटली खोली है। केंद्र पोषित योजना मद में 3000 करोड़, राज्य पोषित योजनाओं के लिए 3200 करोड़ की राशि रखी गई है और अवस्थापना विकास पर पूंजीगत परियोजनाओं के लिए रखी गई 3290 करोड़ की राशि खर्च होगी। इस वर्ष सरकार ऋषिकेश को योग नगरी के रूप में विकसित करने पर 30 करोड़ और हरिद्वार को पर्यटन नगरी बनाने पर 25 करोड़ खर्च करेगी। बता दे कि विधानसभा में सत्र के दूसरे दिन भोजनावकाश के बाद सदन में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम अनुपूरक मांगे प्रस्तुत की। उनके अनुसार नाबार्ड के अंतर्गत 286 करोड़ बाह्य सहायक योजना में 331 करोड़ की व्यवस्था अनुपूरक बजट में की गई है और स्थानीय निकायों के लिए 157 करोड़ का प्राविधान किया गया है। वही जल जीवन मिशन के लिए 765 करोड़ की राशि रखी गई है।

